बरैनी पोखर अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल, 28 लोग गिरफ्तार

भागलपुर के बरैनी पोखर में अतिक्रमण हटाने और पुनर्जीवन कार्य के दौरान हंगामा हो गया। प्रशासन के अनुसार सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटना के बाद 27-28 लोगों को गिरफ्तार किया गया। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
भागलपुर | BLive डेस्क
भागलपुर जिले के कहलगांव प्रखंड अंतर्गत सिया पंचायत स्थित बरैनी पोखर में अतिक्रमण हटाने एवं पोखर के पुनर्जीवन (Rejuvenation) कार्य के दौरान विधि-व्यवस्था से जुड़ी घटना सामने आई। जिला प्रशासन के अनुसार, पोखर को अतिक्रमण मुक्त कराने और उसके पुनर्जीवन के लिए प्रशासनिक निगरानी में कार्य चल रहा था।
प्रशासन ने बताया कि मत्स्य विभाग की भूमि पर स्थित पोखर से अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ लोगों द्वारा कार्य में बाधा उत्पन्न की गई और विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रारंभिक जांच एवं उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर प्रशासन का आरोप है कि कुछ लोगों को उकसाकर सरकारी कार्रवाई का विरोध कराया गया।
घटना के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने, जेसीबी चालक के साथ मारपीट करने तथा सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाने के आरोप भी लगाए गए हैं। प्रशासन के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।
मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद संयुक्त कार्रवाई में लगभग 27-28 लोगों को गिरफ्तार किया गया। क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च भी निकाला गया।
जिला प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और पूरे मामले की निगरानी की जा रही है। वीडियो फुटेज एवं प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
