भागलपुर में यातायात सुधार की दिशा में बड़ा कदम, 4-लेन सड़क परियोजना का शिलान्यास

भागलपुर–हंसडीहा पथ (SH-19) पर लोहिया ब्रिज से NH-80 बायपास तक 3.70 किलोमीटर लंबे 4-लेन सड़क निर्माण का शिलान्यास किया गया। करीब ₹50.17 करोड़ की लागत से बनने वाली इस सड़क से शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होने और जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में विधायक रोहित पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
भागलपुर | BLive डेस्क
भागलपुर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। भागलपुर–हंसडीहा पथ (SH-19) पर लोहिया ब्रिज से NH-80 बायपास तक 3.70 किलोमीटर लंबे 4-लेन पथ के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
परियोजना का शिलान्यास बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री श्री कुमार शैलेन्द्र द्वारा किया गया। इस मौके पर विधायक रोहित पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत लगभग ₹50.17 करोड़ की लागत से बनने वाली इस सड़क परियोजना के पूर्ण होने से भागलपुर शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होने और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।
परियोजना में 4-लेन सड़क के साथ साइड ड्रेन, क्रॉस ड्रेन, पेवर ब्लॉक, मीडियन/डिवाइडर एवं स्ट्रीट लाइट जैसी आवश्यक सुविधाओं का भी प्रावधान किया गया है।
एलीवेटेड पथ की योजना से जाम से राहत की उम्मीद
भागलपुर शहर को जाम से स्थायी राहत दिलाने के उद्देश्य से जीरो माइल से तिलकामांझी चौक, घंटाघर चौक, स्टेशन चौक, तातारपुर और टीएनबी कॉलेज होते हुए चंपानाला तक एलीवेटेड पथ निर्माण की मांग भी सरकार के समक्ष रखी गई है।
इस दिशा में फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कर डीपीआर निर्माण की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही गई है। इसके अलावा सबौर से मुंगेर तक गंगा पथ (मरीन ड्राइव) का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है।
आने वाले समय में 4-लेन सड़क, गंगा पथ और प्रस्तावित एलीवेटेड पथ जैसी परियोजनाओं से भागलपुर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा मिलने और शहरवासियों को जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर विधायक रोहित पांडेय, विधायक शुभानंद मुकेश, महापौर वसुंधरा लाल, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष शाह सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
स्रोत: विधायक रोहित पांडेय के फेसबुक पेज से साभार
