बिहार में अगले 5 वर्षों में होगी 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति : सम्राट चौधरी

बिहार सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि अगले 5 वर्षों में राज्य में 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। हर वर्ष लगभग 20 हजार शिक्षकों की बहाली होगी। साथ ही शिक्षकों के स्थानांतरण को आसान और पारदर्शी बनाने तथा विद्यालयों में पोशाक वितरण जीविका समूहों के माध्यम से कराने का निर्णय लिया गया है।
पटना | BLive Desk
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद राज्य की शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
हर वर्ष होगी 20 हजार शिक्षकों की बहाली
बैठक में निर्णय लिया गया कि अगले 5 वर्षों में 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके तहत हर वर्ष लगभग 20 हजार शिक्षकों की बहाली होगी तथा नियुक्ति संबंधी विज्ञापन हर साल जुलाई महीने में जारी किया जाएगा।
शिक्षक स्थानांतरण नीति होगी आसान और पारदर्शी
शिक्षकों के स्थानांतरण को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए नई नीति तैयार करने का निर्देश दिया गया है। महिला शिक्षकों का स्थानांतरण गृह जिले के समीप पंचायतों में तथा पुरुष शिक्षकों का स्थानांतरण नजदीकी प्रखंडों में करने की योजना बनाई जाएगी।
जीविका समूहों से होगी पोशाक की आपूर्ति
सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि राज्य के सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पोशाक की आपूर्ति जीविका समूहों के माध्यम से कराई जाएगी। इससे समय पर पोशाक उपलब्ध कराने के साथ-साथ महिलाओं के स्वावलंबन को भी बढ़ावा मिलेगा।
शिक्षा व्यवस्था सुधार की दिशा में बड़ा कदम
शिक्षा विभाग के इन फैसलों को राज्य में शिक्षा व्यवस्था सुधार और रोजगार के बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है।
