बिहार शिक्षक रेशनलाइजेशन में बड़ा अपडेट: बढ़ाए गए विद्यालय विकल्प, 5 अगस्त तक आवेदन का मौका

बिहार शिक्षक रेशनलाइजेशन प्रक्रिया के बीच शिक्षकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। ई-शिक्षा पोर्टल पर विद्यालयों के विकल्प बढ़ा दिए गए हैं, जिससे अब शिक्षक पहले की तुलना में अधिक स्कूलों का चयन कर सकेंगे। पहले आवेदन कर चुके शिक्षकों को भी Modify का विकल्प दिया गया है। अब शिक्षक न्यूनतम 1 और अधिकतम 30 विद्यालयों का विकल्प दे सकते हैं। साथ ही, राजकीयकृत और उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालयों के बीच भी विकल्प उपलब्ध करा दिए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त है।
पटना | BLive डेस्क
बिहार में चल रही शिक्षक रेशनलाइजेशन (Rationalization) प्रक्रिया के बीच शिक्षकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। शिक्षा विभाग ने ई-शिक्षा पोर्टल पर विद्यालयों के विकल्प (School Options) की संख्या बढ़ा दी है। इसके बाद अब शिक्षकों को पहले की तुलना में अधिक विद्यालयों में आवेदन करने का अवसर मिल रहा है।
29 जुलाई से शुरू हुई इस प्रक्रिया में पहले कई शिक्षकों को सीमित विद्यालयों का ही विकल्प दिखाई दे रहा था। खासकर राजकीयकृत विद्यालयों में पदस्थापित शिक्षकों को केवल राजकीयकृत विद्यालयों का ही विकल्प मिल रहा था। अब पोर्टल अपडेट होने के बाद उच्चत्तर माध्यमिक (उत्क्रमित) विद्यालयों के विकल्प भी जोड़े गए हैं।
नए अपडेट के बाद अब उत्क्रमित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक राजकीयकृत विद्यालयों के लिए आवेदन कर सकते हैं, वहीं राजकीयकृत विद्यालयों के शिक्षक भी उत्क्रमित विद्यालयों का विकल्प चुन सकते हैं। इससे शिक्षकों को अपनी पसंद के अधिक विद्यालय चुनने का अवसर मिलेगा।
शिक्षा विभाग ने उन शिक्षकों को भी राहत दी है जिन्होंने पहले ही आवेदन कर दिया है। ऐसे शिक्षक अब Modify विकल्प के माध्यम से अपने आवेदन में संशोधन कर अतिरिक्त विद्यालयों के विकल्प जोड़ सकते हैं।
विभाग के अनुसार, प्रत्येक शिक्षक न्यूनतम 1 और अधिकतम 30 विद्यालयों का विकल्प दे सकता है। रेशनलाइजेशन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त निर्धारित की गई है।
शिक्षकों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना ई-शिक्षा पोर्टल पर लॉगिन कर उपलब्ध नए विकल्पों की जांच करें और आवश्यकता होने पर अपने आवेदन में संशोधन कर लें।
