भागलपुर के 5 आकांक्षी प्रखंडों की समीक्षा, 38 सूचकांकों में सुधार के निर्देश

नीति आयोग के आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में भागलपुर के जगदीशपुर, सबौर, सनहौला, पीरपैंती और सुल्तानगंज प्रखंडों की प्रगति की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि और आधारभूत संरचना से जुड़े 38 सूचकांकों पर कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों में सुधार के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
भागलपुर | B Live डेस्क
नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संचालित आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी, भागलपुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के पांच आकांक्षी प्रखंडों—जगदीशपुर, सबौर, सनहौला, पीरपैंती एवं सुल्तानगंज—में कार्यक्रम के तहत निर्धारित सूचकांकों की प्रगति की समीक्षा की गई।
आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत नीति आयोग द्वारा कुल 38 सूचकांकों के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाती है। इनमें स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, सामाजिक विकास एवं आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्र शामिल हैं। बैठक में संबंधित विभागों को कमजोर सूचकांकों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष जोर
स्वास्थ्य क्षेत्र के 7 सूचकांकों की समीक्षा की गई, जिसमें ANC Registration, Institutional Deliveries, Low Birth Weight Babies, Tuberculosis, National Quality Assurance Standards, Hypertension एवं Diabetes Screening शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने कम प्रगति वाले सूचकांकों को चिन्हित कर सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। ANC Registration बढ़ाने के लिए ASHA एवं ANM के माध्यम से Door-to-Door Campaign चलाने तथा ANC Survey के जरिए पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
Low Birth Weight Babies में सुधार के लिए किशोरियों में गर्भधारण रोकने, पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराने और एनीमिया की पहचान पर विशेष जोर दिया गया।
पोषण क्षेत्र के 7 सूचकांकों की समीक्षा के दौरान जिन महिलाओं एवं बच्चों को नियमित रूप से पूरक पोषण आहार नहीं मिल रहा है, उन्हें सेविका, सहायिका एवं अन्य कर्मियों के माध्यम से ट्रैक कर आवश्यक काउंसलिंग कराने का निर्देश दिया गया।
शिक्षा और कृषि क्षेत्र की भी समीक्षा
शिक्षा क्षेत्र के 11 सूचकांकों की समीक्षा की गई। ड्रॉपआउट होने वाले छात्र-छात्राओं को टोला सेवक के माध्यम से ट्रैक करने तथा विद्यार्थियों के प्रदर्शन में सुधार के लिए विभिन्न विद्यालयों में Extra Class एवं Monthly Test आयोजित करने का निर्देश दिया गया।
कृषि क्षेत्र से संबंधित 5 सूचकांकों की समीक्षा करते हुए पीएम-किसान योजना से वंचित पात्र लाभुकों को चिन्हित कर योजना से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
आधारभूत सुविधाओं पर भी फोकस
आधारभूत संरचना के 5 सूचकांकों की समीक्षा के दौरान नल-जल योजना से छूटे हुए टोलों का सर्वे कर उन्हें योजना से आच्छादित करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, Live Bharat Net के संबंध में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पंचायतवार समीक्षा कर भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के सक्षम पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर सेवा चालू कराने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता में लगातार सुधार के लिए सतत प्रयास करने का निर्देश दिया, ताकि आकांक्षी प्रखंडों के पात्र लाभुकों को सरकार की योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।
