राघोपुर में गंगा कटाव : तटबंध सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण, 5 स्वास्थ्य शिविरों में राहत

भागलपुर के राघोपुर में गंगा कटाव से प्रभावित क्षेत्रों में तटबंध सुरक्षा कार्यों का अधिकारियों ने निरीक्षण किया। वहीं, प्रभावित लोगों के लिए 5 विशेष स्वास्थ्य शिविरों में जांच, इलाज और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
भागलपुर । BLive डेस्क
भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड अंतर्गत राघोपुर क्षेत्र में गंगा नदी के कटाव से उत्पन्न स्थिति को लेकर प्रशासन लगातार सक्रिय है। कटाव प्रभावित इलाकों में तटबंध की सुरक्षा के लिए चल रहे कार्यों की जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया गया। वहीं, बाढ़ प्रभावित लोगों को त्वरित एवं आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए 05 विशेष स्वास्थ्य शिविरों का संचालन किया जा रहा है।
तटबंध सुरक्षा कार्यों की जमीनी समीक्षा
राघोपुर तटबंध पर कटाव प्रभावित हिस्सों में चल रहे जियोबैग प्लेसमेंट, टो प्रोटेक्शन, कट-ऑफ की स्थिति तथा नदी की धारा के दबाव से जुड़े सुरक्षा कार्यों का जायजा लिया गया।
इस दौरान जल संसाधन विभाग के सचिव चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारियों एवं मौके पर कार्यरत अभियंताओं के साथ स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। संवेदनशील स्थलों की स्थिति, तटबंध की सुरक्षा और आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षित रखने के लिए चल रही योजनाओं पर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों ने सुरक्षा कार्यों को और प्रभावी एवं तेज गति से पूरा करने के लिए आवश्यक तकनीकी सुझाव और दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि कटाव प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जा रहा है।
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 5 विशेष स्वास्थ्य शिविर
उधर, राघोपुर और अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग, भागलपुर द्वारा 05 विशेष स्वास्थ्य शिविरों का संचालन किया जा रहा है।
इन शिविरों में चिकित्सकों की टीम द्वारा बाढ़ प्रभावित लोगों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, प्रतिदिन औसतन 350 से 400 बाढ़ प्रभावित लोगों को चिकित्सकीय परामर्श, उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जलजनित और संक्रामक बीमारियों पर विशेष नजर
बाढ़ के दौरान उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं को ध्यान में रखते हुए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा बुखार, सर्दी-खांसी, त्वचा संबंधी रोग, दस्त, पेट संबंधी समस्याओं एवं अन्य सामान्य बीमारियों की जांच और उपचार किया जा रहा है।
गंभीर अथवा विशेष चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता वाले मरीजों को जरूरत के अनुसार उच्चतर स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं अन्य जरूरतमंद मरीजों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सुरक्षित पेयजल और साफ-सफाई को लेकर जागरूकता
जलजनित एवं संक्रामक रोगों से बचाव के लिए प्रभावित लोगों को के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पानी को उबालकर अथवा क्लोरीनयुक्त कर पीने, भोजन को ढककर रखने, हाथों की नियमित सफाई करने और मच्छरों से बचाव की सलाह दी जा रही है।
