ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर शिक्षकों की प्रोफाइल अपडेट करने का अंतिम अवसर, 5 जून तक पूरा करें 54 अनिवार्य फील्ड

प्रोफाइल अपडेट करने का अंतिम अवसर दिया है। विभाग ने निर्देश दिया है कि शिक्षक 5 जून 2026 तक प्रोफाइल के 54 अनिवार्य फील्ड भरें और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें। समीक्षा में बड़ी संख्या में प्रोफाइल अधूरी पाई गई हैं। जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को भी शिक्षकों की प्रोफाइल अपडेट कराने और निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।
पटना | BLive डेस्क
बिहार शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी शिक्षकों को ई-शिक्षाकोष (e-Shikshakosh) पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल अपडेट करने का अंतिम अवसर दिया है। इस संबंध में प्राथमिक शिक्षा निदेशक सज्जन आर. ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (स्थापना) को निर्देश जारी किया है।
विभागीय समीक्षा में पाया गया है कि बड़ी संख्या में शिक्षकों ने अब तक अपनी प्रोफाइल अपडेट नहीं की है या कई आवश्यक जानकारियां अधूरी छोड़ी हैं। इसे देखते हुए सभी शिक्षकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रोफाइल अपडेट करने का निर्देश दिया गया है।
54 अनिवार्य फील्ड भरना जरूरी
शिक्षा विभाग के अनुसार शिक्षक प्रोफाइल में कुल 54 अनिवार्य फील्ड हैं, जिनमें व्यक्तिगत जानकारी, पदस्थापन विवरण, वर्तमान एवं स्थायी पता सहित अन्य आवश्यक सूचनाएं शामिल हैं। इन सभी जानकारियों को सही तरीके से भरना अनिवार्य होगा।
स्थायी और वर्तमान पते की होगी पुष्टि
निर्देश के अनुसार शिक्षकों को अपने स्थायी एवं वर्तमान पते का सत्यापन भी करना होगा। स्थायी पते के लिए आवासीय प्रमाण-पत्र की प्रति पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। जानकारी सत्यापित होने के बाद प्रोफाइल को Submit करने पर संबंधित विवरण पोर्टल पर Freeze हो जाएगा।
यदि किसी शिक्षक के प्रोफाइल में स्थायी पता दर्ज नहीं है, तो उन्हें संबंधित जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) के माध्यम से आवश्यक सुधार करवाना होगा।
जिला स्तर पर होगी निगरानी
जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (स्थापना) को निर्देश दिया गया है कि वे अपने लॉगिन आईडी से सभी शिक्षकों की प्रोफाइल की समीक्षा करें। जिन शिक्षकों की प्रोफाइल अधूरी है, उनसे संपर्क कर प्राथमिकता के आधार पर जानकारी अपडेट कराई जाए।
5 जून तक पूरा करना होगा अपडेट
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी शिक्षकों की प्रोफाइल में दर्ज 54 अनिवार्य फील्ड का अद्यतन कार्य 5 जून 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए।
विभाग का मानना है कि ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अद्यतन एवं सत्यापित डेटा उपलब्ध होने से शिक्षकों से संबंधित प्रशासनिक कार्यों, स्थानांतरण, सेवा अभिलेख एवं अन्य विभागीय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और सुगमता आएगी।
मुख्य बातें
- ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर प्रोफाइल अपडेट करने का अंतिम अवसर
- सभी शिक्षकों को 54 अनिवार्य फील्ड भरना होगा
- स्थायी पते के लिए आवासीय प्रमाण-पत्र अपलोड करना अनिवार्य
- जिला कार्यक्रम पदाधिकारी करेंगे निगरानी
