इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 को लेकर भागलपुर में प्रशासन सतर्क
भागलपुर में इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के सफल संचालन को लेकर डीएम की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिले में 59 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। मोबाइल, जूता-मौजा पर रोक सहित सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
भागलपुर | BLive News
इंटरमीडिएट वार्षिक सैद्धांतिक परीक्षा 2026 के सफल और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर 28 जनवरी 2026 को भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में सभी केंद्र अधीक्षकों एवं दंडाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़े सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों की समीक्षा की गई।
जिले में 59 परीक्षा केंद्र
जिलाधिकारी ने बताया कि भागलपुर जिले में कुल 59 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। • सदर अनुमंडल – 40 केंद्र • नवगछिया अनुमंडल – 10 केंद्र • कहलगांव अनुमंडल – 9 केंद्र
इंटरमीडिएट परीक्षा 02 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी।
प्रवेश का समय निर्धारित • प्रथम पाली: परीक्षार्थियों को सुबह 9:00 बजे तक प्रवेश • द्वितीय पाली: परीक्षार्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक प्रवेश निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मोबाइल, जूता-मौजा पर सख्ती
परीक्षा केंद्र पर केंद्र अधीक्षक को छोड़कर किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन रखने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, सभी परीक्षार्थियों को जूता-मौजा पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश वर्जित रहेगा। परीक्षार्थी केवल चप्पल पहनकर ही प्रवेश कर सकेंगे।
सुरक्षा और निगरानी के विशेष निर्देश • परीक्षा अवधि में फोटोस्टेट, कॉपीयर, डुप्लीकेटर जैसी मशीनों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। • परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार के अतिरिक्त सभी अन्य द्वार सुबह 8 बजे से परीक्षा समाप्ति तक बंद रहेंगे। • परीक्षा कक्ष में एक बेंच पर अधिकतम दो परीक्षार्थी बैठेंगे।
नियंत्रण कक्ष रहेगा सक्रिय
इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के दौरान अनुमंडल कार्यालय, सदर भागलपुर परिसर स्थित सभाकक्ष में जिला नियंत्रण कक्ष संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 0641-2402082 है।
नियंत्रण कक्ष की प्रभारी पदाधिकारी श्रीमती बंदना कुमारी, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी, भागलपुर होंगी। उनके साथ अन्य पदाधिकारी भी तैनात रहेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन पूर्ण पारदर्शिता, अनुशासन और शांति के साथ सुनिश्चित किया जाए।
BLive News परीक्षा से जुड़ी हर जरूरी सूचना और अपडेट आप तक लगातार पहुंचाता रहेगा।
