PM-किसान e-KYC एवं किसान पंजीकरण की प्रगति की हुई समीक्षा
भागलपुर में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत e-KYC एवं किसान पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उप विकास आयुक्त सह प्रभारी जिलाधिकारी श्री प्रदीप कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित e-KYC एवं पंजीकरण मामलों को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, समयबद्धता और सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
भागलपुर | 30 जनवरी 2026 | BLive प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) के अंतर्गत ई-केवाई-सी (e-KYC) एवं किसान पंजीकरण से संबंधित कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक शुक्रवार को समाहरणालय, भागलपुर स्थित समीक्षा भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त सह प्रभारी जिलाधिकारी, भागलपुर श्री प्रदीप कुमार सिंह ने की। बैठक में योजना के क्रियान्वयन से जुड़े सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर समीक्षा समीक्षा बैठक के दौरान प्रभारी जिलाधिकारी द्वारा प्रखंडवार एवं पंचायत स्तर पर ई-केवाई-सी तथा किसान पंजीकरण की अद्यतन स्थिति की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन किसानों की ई-केवाई-सी अथवा पंजीकरण की प्रक्रिया अभी लंबित है, उन्हें शीघ्र चिन्हित कर आवश्यक सहायता प्रदान करते हुए कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रह जाए। योजना में लापरवाही स्वीकार नहीं प्रभारी जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पीएम-किसान योजना केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, इसलिए इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता अथवा उदासीनता को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्य में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं आपसी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। किसानों को जागरूक करने के निर्देश बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारी क्षेत्रीय भ्रमण कर किसानों को ई-केवाई-सी एवं पंजीकरण प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें, ताकि सभी पात्र किसान समय रहते योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। योजना पर रहेगी सतत निगरानी जिला प्रशासन ने यह स्पष्ट किया कि पीएम-किसान योजना के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन हेतु निरंतर निगरानी जारी रहेगी, तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। BLive सच के साथ हर वक्त!
