जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न
भागलपुर में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ पर उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें निर्यात बढ़ाने के लिए डेडिकेटेड कंसल्टेंट सेल, स्टार्टअप्स को सहयोग, मत्स्य पालन में टाई-अप और निर्बाध बिजली आपूर्ति पर अहम निर्देश दिए गए।
भागलपुर | BLive रिपोर्टर भागलपुर जिले में औद्योगिक विकास को नई गति देने एवं स्टार्टअप्स की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ विषय पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिले के उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने, स्थानीय बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने तथा निर्यात को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि जिले से निर्यात बढ़ाने के लिए एक ‘डेडिकेटेड कंसल्टेंट सेल’ के गठन का प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजा जाए, जिससे स्थानीय उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय मार्केटिंग एवं डॉक्यूमेंटेशन में सहयोग मिल सके।
मत्स्य पालन क्षेत्र में आधुनिकीकरण लाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने मत्स्य पदाधिकारी को स्टार्टअप्स के साथ टाई-अप स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि नई तकनीक का लाभ इस क्षेत्र तक पहुंचे। वहीं, STEPI स्टार्टअप्स द्वारा लगातार उठाई जा रही बिजली आपूर्ति की समस्या पर जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए विद्युत विभाग से समन्वय कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में GM DIC, उद्योग विभाग के परियोजना प्रबंधक, IEO की टीम ने जिले में औद्योगिक प्रगति को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया। जिलाधिकारी ने स्टार्टअप उद्यमियों से व्यक्तिगत संवाद कर उनके प्रयासों की सराहना की और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त (DDC), DRDA निदेशक, PGRO, GM DIC, परियोजना प्रबंधक, IEO सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, SIPB यूनिट एवं जिले के अनेक स्टार्टअप उद्यमी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी का संदेश: “भागलपुर के उद्यमियों और स्टार्टअप्स की हर आवश्यकता को पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है। बिजली हो या बाजार की उपलब्धता, हर बाधा को दूर किया जाएगा ताकि भागलपुर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सके।”
