TRE-4: बीपीएससी को मिली रिक्त शिक्षक पदों की अधियाचना, जल्द आएगा विज्ञापन
BPSC को TRE-4 के तहत शिक्षक और प्रधानाध्यापक पदों की अधियाचना प्राप्त हो गई है। कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालयों में नियुक्ति के लिए जल्द ही संक्षिप्त विज्ञापन और ऑनलाइन आवेदन से जुड़ी सूचना जारी की जाएगी।
पटना। BLive Desk बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को शिक्षक नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा TRE-4 के तहत विभिन्न विद्यालयों में रिक्त शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक पदों की अधियाचना प्राप्त हो गई है। यह जानकारी बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से शिक्षा विभाग तथा अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग और पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों के लिए यह अधियाचना भेजी गई है।
किन वर्गों के लिए होगी नियुक्ति
TRE-4 के तहत निम्नलिखित कक्षाओं के लिए शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक पदों पर नियुक्ति की जाएगी— • कक्षा 1 से 5 • कक्षा 6 से 8 • कक्षा 9 से 10 • कक्षा 11 से 12
इन पदों के लिए संक्षिप्त विज्ञापन शीघ्र ही प्रकाशित किया जाएगा, जबकि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत सूचना बिहार लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों में एक बार फिर उम्मीद जगी है और अब सभी की निगाहें आयोग द्वारा जारी होने वाले आधिकारिक विज्ञापन और आवेदन तिथियों पर टिकी हैं।
