बूढ़ानाथ मंदिर बनेगा पर्यटन का नया केंद्र? सदन में उठा मुद्दा
बिहार विधानसभा में भागलपुर के प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास का मुद्दा उठाया गया। गंगा तट स्थित बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में कॉरिडोर निर्माण सहित सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की मांग की गई। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
भागलपुर | BLive Desk आज बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भागलपुर से जुड़े धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। विधायक रोहित पांडेय ने गंगा तट स्थित ऐतिहासिक बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में भव्य कॉरिडोर निर्माण की मांग रखी। उन्होंने सदन में कहा कि बूढ़ानाथ मंदिर, मनसकामना नाथ मंदिर एवं बरारी स्थित राधा कृष्ण मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में इन स्थलों पर समुचित सौंदर्यीकरण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। विधायक ने सरकार से आग्रह किया कि भागलपुर की धार्मिक पहचान और आस्था के केंद्रों को विकसित कर उन्हें पर्यटन मानचित्र पर विशेष स्थान दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता और संकल्प है। इस मुद्दे के उठने के बाद स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में भागलपुर के प्रमुख मंदिरों का स्वरूप और भी आकर्षक एवं सुविधायुक्त बनेगा।
