भागलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, एनएच-31 पर चार की मौत, छह घायल
भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल स्थित झंडापुर थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर बस और दो छोटी गाड़ियों के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज मायागंज स्थित जेएलएनएमसीएच में चल रहा है। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी व पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की। फिलहाल यातायात सामान्य है तथा दुर्घटना की जांच जारी है।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
भागलपुर | BLive Desk भागलपुर जिला के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत झंडापुर थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा खगड़िया से आ रही एक बस और नवगछिया की ओर जा रही दो छोटी गाड़ियों के बीच टक्कर से हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायलों को तुरंत इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मायागंज, भागलपुर भेजा गया, जहां चार लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान खगड़िया जिला के मोरकाही थाना क्षेत्र निवासी 6 वर्षीय कुणाल कुमार (पिता – अमन निषाद), कटिहार जिला के पोठिया थाना क्षेत्र निवासी अरविंद मंडल, तथा भागलपुर के इस्माइलपुर निवासी 35 वर्षीय पूनम देवी एवं उनके 40 वर्षीय पति सुनील दास भींडा के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, पुलिस अधीक्षक नवगछिया सुश्री प्रेरणा कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन की देखरेख में सभी घायलों का इलाज जारी है।
फिलहाल एनएच-31 पर यातायात सामान्य कर दिया गया है। मोटरयान निरीक्षक द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।
