भागलपुर में एलपीजी गैस की बढ़ती शिकायतों के बीच DM ने बैठक कर एजेंसियों को बैकलॉग खत्म करने और आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही बिना जरूरत बुकिंग करने वालों को चेतावनी दी गई।
BLive Desk
भागलपुर, जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सहित सभी गैस एजेंसियों के क्षेत्रीय प्रबंधक शामिल हुए।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में लंबित गैस बुकिंग (बैकलॉग) को जल्द से जल्द समाप्त किया जाए। जिन क्षेत्रों में बुकिंग अधिक है और वेटिंग चल रही है, वहां गैस की आपूर्ति बढ़ाई जाए।
इसके लिए एजेंसियों को निर्देश दिया गया कि वे अतिरिक्त स्टाफ लगाकर दो से तीन शिफ्ट में डिलीवरी सुनिश्चित करें, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सके।
बैठक में यह भी सामने आया कि कई उपभोक्ता बिना सिलेंडर खाली हुए ही बुकिंग कर रहे हैं, जिससे वास्तविक जरूरतमंद लोगों को परेशानी हो रही है।
इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि आम लोगों को जागरूक किया जाए कि वे केवल सिलेंडर खाली होने पर ही बुकिंग करें, अन्यथा उनकी बुकिंग रद्द की जा सकती है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए सख्त निगरानी की जाएगी।