गर्मी का असर! स्कूल टाइमिंग में बड़ा बदलाव — अब सुबह 7 बजे से… लेकिन कब तक चलेगी क्लास?

झारखंड सरकार ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों की टाइमिंग बदल दी है। अब KG से 8 तक 7:00 से 11:30 और 9 से 12 तक 7:00 से 12:00 बजे तक कक्षाएं चलेंगी। यह नया नियम 21 अप्रैल 2026 से लागू होगा।
भागलपुर/रांची | BLive Desk
भीषण गर्मी के बढ़ते असर के बीच स्कूली बच्चों और शिक्षकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार ने स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव का आदेश जारी किया है, जिसके बाद अब कक्षाएं सुबह जल्दी शुरू होकर दोपहर से पहले समाप्त हो जाएंगी।
आदेश के अनुसार,
👉 कक्षा KG से 8 तक: सुबह 07:00 बजे से 11:30 बजे तक
👉 कक्षा 9 से 12 तक: सुबह 07:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
सबसे अहम बात यह है कि नई समय-सारणी 21 अप्रैल 2026 से लागू होगी, यानी अगले ही दिन से स्कूलों का रूटीन बदल जाएगा।
सिर्फ छात्रों के लिए ही नहीं, बल्कि शिक्षकों के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी शेष समय (सुबह 07:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक) विद्यालय में उपस्थित रहकर अन्य आवश्यक कार्यों का निष्पादन करेंगे।
यह जानकारी विभाग द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के आधार पर सामने आई है, जो फिलहाल सोशल मीडिया पर भी तेजी से साझा किया जा रहा है।
हालांकि यह आदेश झारखंड राज्य के लिए लागू किया गया है, लेकिन पड़ोसी बिहार, खासकर भागलपुर के शिक्षकों और अभिभावकों के बीच भी इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या बिहार में भी गर्मी को देखते हुए इसी तरह का फैसला लिया जाएगा।
गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से लिया गया यह निर्णय छात्रों की सेहत और सुविधा को ध्यान में रखते हुए अहम माना जा रहा है।
