7वां वेतनमान और OPS को लेकर शिक्षकों का बड़ा आंदोलन, 2 अक्टूबर से आमरण अनशन

बिहार राज्य शिक्षक एसोसिएशन (BSTA) ने 7वें वेतनमान के अनुरूप पूर्ण वेतन, पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली और सेवा विसंगतियों को दूर करने की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। 5 सितंबर को जिला मुख्यालयों पर सत्याग्रह और मांगें नहीं माने जाने पर 2 अक्टूबर से पटना में आमरण अनशन किया जाएगा।
पटना । BLive डेस्क
बिहार राज्य शिक्षक एसोसिएशन (BSTA), गोपालगंज के आह्वान पर राज्यभर के शिक्षकों ने विद्यालयों में काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करते हुए सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। शिक्षकों ने कहा कि छात्रों की पढ़ाई को पूरी निष्ठा से जारी रखते हुए वे अपने अधिकार और सम्मान की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं करेंगे।
एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में 7वें वेतन आयोग के अनुरूप पूर्ण वेतनमान सभी कोटि के शिक्षकों, विद्यालय अध्यापकों, विशिष्ट शिक्षकों, प्रधान शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों को देने की मांग शामिल है। इसके अलावा शिक्षकों ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, प्रधान शिक्षकों का मूल वेतन 44,200 रुपये करने तथा वेतन एवं सेवा विसंगतियों को दूर करने की मांग उठाई है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मार्कण्डेय पाठक एवं महासचिव शकीरा इस्माम ने कहा कि शिक्षक बच्चों का भविष्य संवारते हैं, लेकिन सरकार ने शिक्षकों के भविष्य को असुरक्षा और अंधकार में धकेल दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यह सांकेतिक विरोध सरकार के लिए अंतिम चेतावनी है और मांगें पूरी नहीं होने पर शिक्षक गांधीवादी रास्ते पर चलकर निर्णायक लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश राज, जयप्रकाश सिंह, बसंत सिंह, प्रदेश सचिव हिमांशु मिश्रा, नजीर हुसैन, संजीव कुमार गुप्त, प्रदेश कोषाध्यक्ष राहुल विकास और मीडिया प्रभारी सोनू मिश्रा सहित अन्य नेताओं ने कहा कि सरकार यदि जल्द शिक्षक प्रतिनिधिमंडल से वार्ता कर मांगों पर घोषणा नहीं करती है तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
आंदोलन का अगला कार्यक्रम
- 5 सितंबर: शिक्षक दिवस के दिन उपेक्षा और अन्याय के खिलाफ राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर विशाल एवं शांतिपूर्ण सत्याग्रह।
- 2 अक्टूबर: गांधी जयंती के दिन सरकार द्वारा वार्ता कर ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लेने पर राजधानी पटना में शिक्षकों का ऐतिहासिक आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।
जारीकर्ता: अखिलेश पाण्डेय, प्रदेश प्रवक्ता, बिहार राज्य शिक्षक एसोसिएशन (BSTA), गोपालगंज।
