ACS का निर्देश : शिक्षक पहले पढ़ाएंगे, फिर करेंगे जनगणना कार्य

बिहार शिक्षा विभाग ने जनगणना 2027 को लेकर बड़ा आदेश जारी किया है। अब जनगणना ड्यूटी में लगे शिक्षक स्कूल समय से पहले या बाद में फील्ड कार्य करेंगे, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो। विभाग ने 31 मई 2026 तक शिक्षकों को अनावश्यक प्रशिक्षण कार्यों से भी मुक्त रखने का निर्देश दिया है।
पटना | BLive Desk
बिहार शिक्षा विभाग ने जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर बड़ा निर्देश जारी किया है। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव (ACS) द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त शिक्षक अपने नियमित शिक्षण कार्य को प्रभावित किए बिना जनगणना ड्यूटी करेंगे।
जारी निर्देश के अनुसार शिक्षक स्कूल समय से पहले या स्कूल समय समाप्त होने के बाद जनगणना से संबंधित फील्ड कार्य करेंगे। यानी स्कूल समय में बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होगी और शिक्षकों को कक्षाओं का संचालन नियमित रूप से करना होगा।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारत की जनगणना 2027 के तहत प्रगणक और पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त सरकारी शिक्षक अपनी नियमित ड्यूटी के अतिरिक्त जनगणना कार्य करेंगे।
दरअसल, जिलों में जनगणना ड्यूटी के दौरान शिक्षकों की उपस्थिति और स्कूल संचालन को लेकर अलग-अलग व्यवस्था अपनाई जा रही थी। इसी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने एक समान दिशा-निर्देश जारी किया है।
साथ ही 31 मई 2026 तक शिक्षकों को अनावश्यक प्रशिक्षण संबंधी दायित्वों से मुक्त रखने का निर्देश भी दिया गया है, ताकि स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित न हों।
शिक्षा विभाग के इस फैसले को छात्रों की पढ़ाई और जनगणना कार्य के बीच संतुलन बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
