विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज निर्माण कार्य तेज, BRO टीम युद्धस्तर पर जुटी

पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने विक्रमशिला सेतु पहुंचकर चल रहे मरम्मत एवं बेली ब्रिज निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों और BRO टीम ने उन्हें क्षतिग्रस्त हिस्सों में जारी तकनीकी कार्यों की जानकारी दी। मंत्री ने गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
Bhagalpur | BLive Desk
विक्रमशिला सेतु पर अवरुद्ध मार्ग को मई महीने के अंत तक बहाल करने की दिशा में कार्य तेज कर दिया गया है। बॉर्डर Road Organisation (BRO) की 100 सदस्यीय टीम अधीक्षण अभियंता विपिन कुमार चांद के नेतृत्व में मरम्मत कार्य में जुटी हुई है।
प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, पुल पर बेली ब्रिज निर्माण के लिए चार ट्रक स्टील फ्रेम पहुंच चुके हैं। BRO अधिकारियों ने बताया कि पुल के जिस हिस्से का स्लैब गिरा है वह लगभग 34 मीटर का है। इसके अतिरिक्त उत्तर दिशा में 12 मीटर तथा दक्षिण दिशा में 24 मीटर के कमजोर हिस्सों पर भी बेली ब्रिज का निर्माण किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने अधिकारियों के साथ कार्य प्रगति का जायजा लिया। मंत्री ने कहा कि विक्रमशिला सेतु के तीन स्पैन में बेली ब्रिज निर्माण का कार्य चल रहा है, जिसमें गिर चुके स्लैब के साथ दोनों ओर कमजोर हिस्सों को भी शामिल किया गया है।
उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि आम लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी को जल्द समाप्त करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता दिनेश राम, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, तथा निदेशक, एनईपी अमर कुमार मिश्र सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
