भागलपुर में प्राचीन धरोहरों पर फोकस, DDC ने किया निरीक्षण
भागलपुर में डीडीसी ने ज्ञान भारतम मिशन के तहत ऐतिहासिक स्थलों का निरीक्षण कर सैकड़ों प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण और डिजिटलीकरण पर जोर दिया।
Bhagalpur | BLive Desk
भागलपुर के उप विकास आयुक्त (DDC) श्री प्रदीप कुमार सिंह ने ज्ञान भारतम मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से शहर के विभिन्न ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने पीर दमड़िया खानकाह सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का दौरा कर वहां संरक्षित प्राचीन धरोहरों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में खानकाह में संरक्षित एक हजार से अधिक ऐतिहासिक पांडुलिपियों का अवलोकन किया गया। इनमें फारसी और मुगलकालीन दस्तावेज शामिल हैं।
डीडीसी ने इन अमूल्य धरोहरों के संरक्षण और डिजिटलीकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर सुरक्षित किया जाए, ताकि शोधार्थियों और आम जनता के लिए यह सुलभ हो सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी महत्वपूर्ण स्थलों की पहचान कर वहां उपलब्ध पांडुलिपियों का दस्तावेजीकरण शीघ्र पूरा किया जाए।
डीडीसी ने कहा कि यह पहल न केवल सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में सहायक होगी, बल्कि भागलपुर की ऐतिहासिक पहचान को भी और मजबूत करेगी।
