भागलपुर में गंगा संरक्षण को लेकर समीक्षा बैठक, DM ने दिए सख्त निर्देश

भागलपुर में आयोजित जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक में DM डॉ. नवल किशोर चौधरी ने गंगा संरक्षण, अतिक्रमण हटाने, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और रिवर फ्रंट सफाई को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने और शहर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया।
भागलपुर, 27 मई 2026 | BLive डेस्क
भागलपुर समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में जिला गंगा संरक्षण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा संरक्षण, शहर की स्वच्छता व्यवस्था, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, रिवर फ्रंट सफाई, हाउसहोल्ड प्रोजेक्ट, तालाबों के जीर्णोद्धार एवं पुल निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। हाउसहोल्ड प्रोजेक्ट के कार्यान्वयन में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित संवेदक एवं अभियंताओं को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने नदी एवं जलस्रोतों के आसपास हो रहे अतिक्रमण और अवैध निर्माण पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि नदी के वास्तविक स्वरूप एवं भूमि की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित की जाए तथा जल प्रवाह बाधित करने वाले निर्माणों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित क्षेत्रों में नए पुल निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रणाली की समीक्षा की गई। एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) एवं बायो-सीएनजी प्लांट की प्रगति पर चर्चा करते हुए बताया गया कि इसके लिए वर्क ऑर्डर जारी किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने वैज्ञानिक तरीके से कचरा निपटान एवं उपयोगी सामग्री की रिकवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त शहर के सीवरेज एवं वेस्ट मैनेजमेंट के लिए हाइब्रिड सिस्टम विकसित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने रिवर फ्रंट की नियमित सफाई एवं शहर के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, अभियंता एवं प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
