भागलपुर जेल में तड़के छापेमारी, DM-SP की मौजूदगी में सघन तलाशी
भागलपुर के शहीद जुब्बा सहनी केंद्रीय कारा में जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने संयुक्त छापेमारी की। DM और SSP के नेतृत्व में पूरे जेल परिसर की सघन जांच की गई, हालांकि कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
भागलपुर | BLive Desk
भागलपुर में कानून-व्यवस्था को और सख्त करने के उद्देश्य से शुक्रवार तड़के शहीद जुब्बा सहनी केंद्रीय कारा में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व जिला दंडाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने किया। उनके साथ नगर पुलिस अधीक्षक, जिला गोपनीय शाखा के पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर, नगर पुलिस उपाधीक्षक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
छापेमारी के दौरान जेल के प्रत्येक सेल और बैरक की बारीकी से तलाशी ली गई। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और कैदियों से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी जांच की।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि इस अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है।
यह कार्रवाई सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई।
जिला प्रशासन ने संकेत दिया है कि आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान जारी रहेंगे, ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में रहे।
