भागलपुर: अफवाहों पर प्रशासन सख्त, DM-SSP बोले—गैस-पेट्रोल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य
भागलपुर में गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। जिलाधिकारी और SSP ने अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। ---
भागलपुर | BLive Desk
30 मार्च 2026 को बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में क्राइसिस मैनेजमेंट को लेकर ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि आम जनता को गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति बिना किसी बाधा के मिलती रहे।
बैठक के बाद भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने स्पष्ट किया कि जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और प्रशासन की टीम 24 घंटे सक्रिय रहकर निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा कि तेल एवं गैस कंपनियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की कमी न हो।
SSP का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि जिले में गैस, पेट्रोल या डीजल की कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने या गलत जानकारी देने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जनता से अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और घबराकर अनावश्यक खरीदारी या जमाखोरी से बचें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
