अब क्लर्क और परिचारी भी आएंगे e-शिक्षाकोष के दायरे में, एक हफ्ते में डेटा अपलोड का आदेश

बिहार शिक्षा विभाग ने अब शिक्षकेतर कर्मियों (लिपिक व परिचारी) का डेटा भी e-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य कर दिया है। सभी जिलों को एक सप्ताह के भीतर डेटा भेजने का निर्देश दिया गया है।
पटना | BLive Desk
बिहार शिक्षा विभाग ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अब विद्यालयों एवं विभागीय कार्यालयों में कार्यरत शिक्षकेतर कर्मियों (लिपिक एवं परिचारी) का डेटा भी e-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश जारी किया है।
विभाग द्वारा जारी आधिकारिक पत्र (दिनांक 20 अप्रैल 2026) के अनुसार, अब सभी जिलों से इन कर्मियों का विस्तृत डाटा एकत्र कर डिजिटल रूप से अपलोड किया जाएगा, ताकि डेटा प्रबंधन को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जा सके।
निर्देश में कहा गया है कि Data Collection Format (DFC) के माध्यम से कर्मियों का पूरा विवरण तैयार किया जाएगा। इसमें क्रमांक 1 से 17 तक की जानकारी जिला स्तर पर Excel Sheet में संकलित कर मुख्यालय को भेजी जाएगी।
इसके बाद प्रत्येक कर्मी के लिए e-शिक्षाकोष पोर्टल पर एक यूनिक ID जनरेट की जाएगी। ID बनने के बाद कर्मियों को स्वयं पोर्टल पर जाकर शेष जानकारी (क्रमांक 18 से 22 तक) भरनी होगी, जिसका सत्यापन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) द्वारा किया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे एक सप्ताह के भीतर सभी आवश्यक डेटा ईमेल के माध्यम से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
यह कदम शिक्षा विभाग के डिजिटलीकरण और डेटा प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।
(यह जानकारी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के आधार पर दी गई है।)
