विशिष्ट शिक्षकों को वेतन जारी, विद्यालय अध्यापक अब भी इंतजार में — EMI, लोन और खर्चों पर बढ़ा दबाव
सक्षमता परीक्षा देकर बने विशिष्ट शिक्षकों को मार्च का वेतन मिल गया है, जबकि BPSC से चयनित विद्यालय अध्यापक अब भी भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। वेतन में देरी से शिक्षकों को EMI, किराया और अन्य जरूरी खर्चों में परेशानी हो रही है।
Bhagalpur | BLive Desk
भागलपुर जिला अंतर्गत सक्षमता परीक्षा के माध्यम से नियोजित शिक्षक से बने विशिष्ट शिक्षकों को मार्च महीने का वेतन शुक्रवार को ही भुगतान कर दिया गया है, जिससे संबंधित शिक्षकों में राहत देखी जा रही है।
वहीं दूसरी ओर, BPSC के माध्यम से चयनित विद्यालय अध्यापक अभी भी मार्च माह के वेतन का इंतजार कर रहे हैं। वेतन भुगतान में देरी के कारण इन शिक्षकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कई विद्यालय अध्यापकों का कहना है कि उन्हें राशन, घर का खर्च, EMI, लोन, SIP और इंश्योरेंस प्रीमियम जैसे जरूरी भुगतान समय पर करने में परेशानी हो रही है। देरी के कारण कई मामलों में लेट फीस और पेनल्टी भी लगने का खतरा बढ़ गया है।
सूत्रों के अनुसार, मार्च माह के अंत में होने वाली वित्तीय वर्ष क्लोजिंग (Financial Year Closing) के कारण इस बार वेतन भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हुई है। विभागीय स्तर पर बिल प्रोसेसिंग और बजट समायोजन में समय लगने से यह देरी हुई है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि प्रक्रिया अंतिम चरण में है और विद्यालय अध्यापकों का वेतन जल्द जारी कर दिया जाएगा।
