NSS Day पर स्वयंसेवकों और कार्यक्रम पदाधिकारियों का सम्मान, सेवा कार्यों की सराहना

तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में NSS दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले NSS कार्यक्रम पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और पूर्ववर्ती स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, व्यक्तित्व निर्माण और समाजसेवा में NSS की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न NSS इकाइयों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
भागलपुर | BLive डेस्क
राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) दिवस के अवसर पर तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में समारोह आयोजित कर NSS से जुड़े कार्यक्रम पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय स्तर पर NSS की गतिविधियों और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर चर्चा हुई।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्यक्रम पदाधिकारी के रूप में टीएनबी महाविद्यालय NSS इकाई-2 के डॉ. अजीत कुमार, सबौर कॉलेज के डॉ. राकेश रंजन, एसएम कॉलेज इकाई-1 के डॉ. हिमांशु शेखर, न्यू होराइजन कॉलेज इकाई-1 की डॉ. अनुपमा दुबे तथा एसएसपीएस कॉलेज, शंभूगंज के सलील कुमार सिंह को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा विभिन्न NSS इकाइयों के 30 उत्कृष्ट स्वयंसेवक/स्वयंसेविकाओं को उनके कार्य एवं प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय स्तर पर पांच स्वयंसेवकों तथा पांच पूर्ववर्ती स्वयंसेवकों को भी सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम पदाधिकारियों को प्रतीक चिह्न, पौधा एवं अंगवस्त्र देकर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राहुल कुमार ने कहा कि कार्यक्रम पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों के निरंतर प्रयासों से विश्वविद्यालय की NSS गतिविधियों को बिहार एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
बीएन कॉलेज के प्राचार्य सह सचिव पीबीटीटी कॉलेज प्रो. अनिरुद्ध कुमार ने NSS गतिविधियों के उज्ज्वल भविष्य की बात कही और स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम पदाधिकारियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर कार्य करने के लिए निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता बताई।
पूर्व कार्यक्रम समन्वयक सह प्राचार्य टीएनबी महाविद्यालय ने राष्ट्रीय सेवा योजना को ईमानदारी, सुचिता, मानवता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाली पाठशाला बताया।
मारवाड़ी महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार झा ने भी NSS से जुड़े पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों को बधाई दी। छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. अर्चना साह ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के क्षेत्र में NSS द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
सिंडिकेट सदस्य डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा ने कहा कि NSS से जुड़े विद्यार्थियों के कार्यों और व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव दिखाई देता है। उन्होंने NSS की गतिविधियों को महाविद्यालयों की कार्य-संस्कृति के लिए भी उपयोगी बताया।
समारोह की अध्यक्षता कर रहीं साइंस डीन प्रो. रंजना दुबे ने कुलपति की ओर से सभी को NSS स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से व्यक्तित्व निर्माण, चरित्र निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण के लिए स्वयंसेवकों को निरंतर योगदान देना चाहिए।
समारोह के अंत में विभिन्न NSS इकाइयों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इसके बाद समूह फोटोग्राफी एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
BLive | आपका शहर, आपकी खबर
